
सड़क दुर्घटना में बाइक सवार दो युवकों की मौत
बीकानेर । नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार चल रहे एक टैंकर ने बाइक को टक्कर मारी, इसके बाद बाइक टैंकर के नीचे फंस गई और घिसटती चली गई। इस एक्सीडेंट में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। एक्सीडेंट लूणकरणसर में हुआ। जानकारी के अनुसार जिले के लूणकरणसर तहसील में हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौत मौके पर ही हो गई जबकि गंभीर घायल दूसरे की मौत पीबीएम में उपचार के दौरान हुई । लूणकरणसर के हरीयासर बस स्टैंड के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर टैंकर-बाइक की टक्कर इतनी भीषण थी की बाइक टैंकर के नीचे फंस गई व लगभग 100 मीटर तक घिसटती गई। जिससे बाइक में आग लग गई।
बताया जा रहा है कि दो बाइक सवार चक एक सीएचडी से हरीयासर आटा पिसाने आ रहे थे। उसी दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग 62 पर सामने से आ रहे तेज रफ्तार तेल के टैंकर ने कुचल दिया। जिसमें बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई। मृतकों की पहचान बुधराम गंवारिया (21) शेरपुरा हाल एक सीएचडी और बडेरण निवासी खादीम खा (17) के रूप में हुई है। कांस्टेबल जयप्रकाश भाम्भू के मुताबिक पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवाया औऱ टैंकर को जब्त कर लिया ।




