बीकानेर

वार्ड नंबर 45 में नहीं है कोई धणी-धोरी,छोटा रानीसर बास में हाल बेहाल

वार्ड नंबर 45 में नहीं है कोई धणी-धोरी
छोटा रानीसर बास में हाल बेहाल
प्रशासन मस्त-जनता त्रस्त

बीकानेर। जिले के वार्ड नंबर 45 के छोटा रानीसर बास के हाल बेहाल है यहां हर आम नागरिक मूलभूत आवश्यकताओं से वंचित है। काफी बार प्रशासन को सूचित करने के बाद भी सुविधाओं से वार्ड वासियों को वंचित रखा जा रहा है। वार्ड में ना तो पानी की सुचारू सप्लाई है ना सफाई व्यवस्था माकूल है। वार्ड निवासियों की माने तो चुनाव के बाद आज तक पार्षद महोदया एक बार भी अपने क्षेत्र में नहीं दिखे।

वार्ड में सफाई कर्मचारियों की संख्या भी पर्याप्त नहीं है जिसकी वजह से सफाई व्यवस्था एकदम लचर हो चुकी है। आवारा पशुओं का जमावड़ा छोटा रानीसर बास में हमेशा लगा रहता है आए दिन आवारा पशु कभी किसी व्यक्ति को तो कभी किसी वाहन को अपनी चपेट में ले लेते हैं जिसका खामियाजा आम आदमी को भुगतना पड़ रहा है। इतना ही नहीं रात के अंधेरे में वाहन चालक सड़कों पर बने गड्ढों की वजह से अनियंत्रित होकर चोटिल भी हो रहे हैं परंतु हाल जस के तस है।
वार्ड नंबर 45 विकास मंच के कार्यकर्ता से बातचीत के दौरान पता चला कि विधायक महोदय को भी सफाई कर्मचारी नियुक्त करवाने के लिए गुहार लगाई थी और निगम आयुक्त को सूचित करने के बाद भी आज तक सफाई कर्मचारी की भर्ती नहीं की गई जिसकी वजह से गलियों में कचरे के ढेर लगे हुए है।
छोटा रानीसर बास मे नाले के पास इतने विशाल पीपल के पेड़ है जो ऊपर से निकलने वाली तारों की लाइनों को छू रहे हैं जिसकी वजह से बड़ी अनहोनी का डर बना रहता है इतना ही नहीं इन पेड़ों की शाखाएं इतनी बढ़ गई है रोड लाइटों तक तो ढक चुकी है जिससे हर समय वार्ड में अंधेरा बना रहता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published.