बीकानेर

वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा में अनुदेशक के रूप में सेवा दे रहे लक्ष्मी नारायण सुथार एवं लीलाधर सुथार

वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा में अनुदेशक के रूप में सेवा दे रहे लक्ष्मी नारायण सुथार एवं लीलाधर सुथार

रामेश्वरम यात्रा में वरिष्ठ नागरिकों की सेवा और मार्गदर्शन का निभा रहे दायित्व

राजस्थान सरकार की वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना-2026 के अंतर्गत वरिष्ठ नागरिकों को निःशुल्क तीर्थ यात्रा करवाने की महत्वपूर्ण पहल के तहत रामेश्वरम के लिए विशेष ट्रेन का संचालन किया जा रहा है। इसी पावन यात्रा में लक्ष्मी नारायण सुथार एवं लीलाधर सुथार वरिष्ठ नागरिक तीर्थयात्रियों के साथ अनुदेशक के रूप में अपनी सेवाएं प्रदान कर रहे हैं।

यात्रा के दौरान दोनों अनुदेशक वरिष्ठ नागरिक यात्रियों के मार्गदर्शन, आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने, यात्रा व्यवस्था में सहयोग तथा तीर्थयात्रियों की सुविधाओं का ध्यान रखने में अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं। वरिष्ठ नागरिकों के लिए आयोजित इस धार्मिक यात्रा में सेवा का अवसर मिलना उनके लिए गौरव और सौभाग्य का विषय है।

राजस्थान सरकार की इस योजना का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को देश के प्रमुख तीर्थ स्थलों की यात्रा की सुविधा उपलब्ध कराना है। वर्ष 2026 में योजना के अंतर्गत बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिकों को तीर्थ यात्रा का लाभ दिया जा रहा है। रामेश्वरम यात्रा में श्रद्धालुओं को भगवान श्री रामनाथस्वामी ज्योतिर्लिंग सहित प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन का अवसर मिल रहा है।

लक्ष्मी नारायण सुथार एवं लीलाधर सुथार ने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों की सेवा करना उनके लिए केवल दायित्व नहीं, बल्कि एक पुण्य एवं गौरवपूर्ण अवसर है। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान सभी तीर्थयात्रियों को आवश्यक सहयोग और मार्गदर्शन उपलब्ध कराने का पूरा प्रयास किया जा रहा है।

वरिष्ठ नागरिकों की आस्था, सुविधा और सुरक्षित यात्रा को प्राथमिकता देते हुए आयोजित यह तीर्थ यात्रा धार्मिक आस्था के साथ-साथ सेवा, सहयोग और सामाजिक जिम्मेदारी का भी सुंदर उदाहरण प्रस्तुत कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published.