
लिफ्ट लेने के बहाने कार लूटने के आरोप में तीन गिरफ्तार
सीकर की दादिया थाना पुलिस ने कार लूट के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। तीनों आरोपी हरियाणा के बताए जा रहे हैं। जिन्होंने जयपुर में खाटू श्याम दर्शन करने के लिए आ रहे एक युवक से पहले लिफ्ट मांगी उसके बाद मालिक को उसी कार में बंधक बना लिया। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
दादिया थाना अधिकारी विजेंद्र सिंह ने बताया कि 21 जुलाई 2022 को विनोद कुमार शुक्ला निवासी जयपुर ने मामला दर्ज करवाया कि वह जयपुर से खाटू श्याम जी जाने के लिए रवाना हुआ। इसी दौरान जयपुर में हरमाड़ा इलाके में पानी की बोतल लेने के लिए अपनी गाड़ी रोकी। वहां तीन युवकों ने उससे लिफ्ट मांगी और कहा कि उन्हें रींगस छोड़ना है। लेकिन जैसे ही चोमू इलाके का टाटियावास टोल प्लाजा क्रॉस किया तो एक युवक ने टॉयलेट के बहाने गाड़ी को रुकवाया। इसके बाद तीनो टॉयलेट के लिए चले गए। वापस आते ही उन्होंने गाड़ी मालिक विनोद की गर्दन को अपने तौलिया से दबाया। इसके बाद विनोद के जूतों की डोरी से उसके हाथ पैर बांध दिए और मुंह में कपड़ा डालकर उसे गाड़ी की सीट के बीच दबा दिया। उसके बाद दादिया इलाके में कटराथल दौलतपुरा के रास्ते में विनोद को फेंक कर चले गए। तीनों बदमाशों ने विनोद की गाड़ी मोबाइल पर सब लूट लिए।
पुलिस ने मामले में जांच शुरू की। पीड़ित ने तीनों आरोपियों का स्केच बनवाया। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि तीनों आपस में हरियाणा इलाके की भाषा में बात कर रहे थे। जिसके बाद सीसीटीवी एवं हुलिए के आधार पर हरियाणा के सोनीपत पुलिस के साथ सोनीपत के दो अलग-अलग इलाकों में दबिश देकर आरोपी हर्ष कुमार, निखिल जाट और रोहतक में दबिश देकर अंकित कुमार जाट को गिरफ्तार किया। जिनसे पूछताछ की जा रही है।




