
बदमाशों ने प्राचीन भैरू मंदिर में रखी मूर्तियों के साथ की तोड़फोड़
मामला डिग्गी रोड स्थित बालावाला गांव में भैरु मंदिर है। प्राचीन भैरु मंदिर करीब 300 साल पुराना है। गुरुवार रात को मंदिर में बदमाश घुसे।बदमाशों ने मंदिर में रखी मूर्तियों के साथ तोड़फोड़ की। मूर्तियों को तोड़ने के साथ ही मंदिर परिसर में लगा घंटा चोरी कर ले गए। शुक्रवार सुबह दर्शन करने पहुंचे श्रद्धालुओं को मंदिर में मूर्तियां टूटने के साथ ही घंटा गायब मिला। मंदिर में तोड़फोड़ का पता चलने पर बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए।मंदिर के बाहर इकट्ठा हुए लोगों में आक्रोश फैल गया।
लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके से सबूत जुटाए। पुलिस ने लोगों से समझाइस कर मामले को शांत किया। एसआई रामधन का कहना है कि पुलिस प्रथमदृष्टया जांच में सामने आया है कि मंदिर में घंटा चोरी करने चोर घुसे थे। घंटा चोरी करते समय नीचे लगी मूर्तियों पर गिरा। घंटे के गिरने से मूर्तियां टूट गई।मंदिर परिसर से चोर घंटा चोरी कर ले गए। पुलिस ने मौके से सबूत जुटाकर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।




