बीकानेर

राजकीय महारानी सुदर्शन कन्या महाविद्यालय में आंतरिक परीक्षा हेतु आयोजित हुई विभाग प्रभारियों की बैठक, प्राचार्य ने दिए आवश्यक निर्देश

राजकीय महारानी सुदर्शन कन्या महाविद्यालय में आंतरिक परीक्षा हेतु आयोजित हुई विभाग प्रभारियों की बैठक, प्राचार्य ने दिए आवश्यक निर्देश

बीकानेर। महारानी कॉलेज में समस्त विभागों के प्रभारियों की आवश्यक बैठक प्राचार्य द्वारा आहूत की गई, जिसमें विभिन्न संकायों के विभाग प्रभारियों ने विश्वविद्यालय द्वारा प्रसारित पाठ्यक्रम में आंतरिक मूल्यांकन की प्रक्रिया पर अपना अपना पक्ष रखते हुए विभागों द्वारा आयोजित की जाने वाली आंतरिक परीक्षा व्यवस्था के बारे में प्राचार्य को अवगत करवाया। विज्ञान संकाय में विश्वविद्यालय द्वारा स्नातक प्रथम वर्ष प्रथम सेमेस्टर में 30 अंकों का आंतरिक मूल्यांकन रखा गया है जिसमें प्रथम प्रश्न पत्र एवं द्वितीय प्रश्न पत्र में 10-10 अंक का सेमेस्टर अथवा प्रोजेक्ट अथवा पोस्टर अथवा सेमिनार आदि के माध्यम से अंकन किया जाएगा जबकि 10 अंक प्रायोगिक परीक्षा में मौखिक परीक्षा के रूप में निर्धारित किए गए हैं। प्राचार्य प्रोफेसर नंदिता सिंघवी ने सभी विभाग प्रभारियों को एकरूपता रखते हुए निर्धारित प्रक्रिया अनुरूप आन्तरिक परीक्षा आयोजित करने के निर्देश दिये। तदुपरान्त सभी विभाग प्रभारियों द्वारा सर्वसम्मति से असाइनमेंट एवं मौखिक परीक्षा द्वारा मूल्यांकन करने का निर्णय लिया गया।

कला एवं वाणिज्य संकाय में प्रथम वर्ष प्रथम सेमेस्टर में आंतरिक मूल्यांकन की व्यवस्था हेतु प्रत्येक प्रश्न पत्र के लिए विश्वविद्यालय द्वारा 15 अंक निर्धारित हैं जिनका मूल्यांकन भी असाइनमेंट आदि द्वारा तथा मौखिक परीक्षा द्वारा अंकन किया जायेगा। प्राचार्य डॉक्टर नंदिता सिंघवी ने कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी स्वयं उपस्थित होकर अपना असाइनमेंट या प्रेजेंटेशन आदि प्रस्तुत करें, तदुपरांत मौखिक परीक्षा द्वारा उनको अंक प्रदान किए जाएंगे। महाविद्यालय द्वारा विद्यार्थियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे 18 से 20 दिसंबर तक संबंधित विभाग में उपस्थित होकर आंतरिक मूल्यांकन व्यवस्था हेतु निर्धारित प्रक्रिया को पूर्ण करें। सेमेस्टर परीक्षा के आंतरिक परीक्षा में प्राप्त अंकों का अंकन विद्यार्थियों के अंक तालिका में किया जाना है, अतः समस्त नियमित विद्यार्थी आवश्यक रूप से शीघ्रातिशीघ्र अपने असाइनमेंट आदि संबंधित विभाग में जमा करवायें।

Leave a Reply

Your email address will not be published.