
बीकानेर। नागौर-बीकानेर बाइपास रोड पर नोखागांव के पास सड़क पर ट्रक पलट गया, इससे उसमें आग लग गई। जलते ट्रक से बाहर निकलकर चालक ने अपनी जान बचाई। सूचना पर पुलिस और फायर बिग्रेड मौके पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। बायपास रोड पर पशु को बचाने के चक्कर में हादसा हुआ है। मौके पर पहुंचे सामाजिक कार्यकर्ता मुरली गोदारा ने बताया कि शुक्रवार रात करीब 3 बजे नोखा में यह हादसा हुआ। सड़क पर आए पशु को बचाने के चक्कर में ट्रक अनियंत्रित हो गया। अनियंत्रित ट्रक पलटने से ट्रक के केबिन में आग लग गई। ट्रक का केबिन पूरी तरह से जलकर नष्ट हो गया है। बताया जा रहा है ट्रक बीकानेर से नागौर की तरफ जा रहा था, ट्रक में कोलायत की मिट्टी भरी हुई थी। इस दौरान हादसा हो गया। मिट्टी कोलायत से आंध्रप्रदेश ले जाई जा रही थी।




