
जानिए इस राज्य के लोग उड़ाते है शराब पर सबसे अधिक पैसा
शराब की दुकान के बाहर लंबी कतारें कई शहरों में देखने को मिल जाती हैं। केरल में शराब खरीदने के लिए लाइन में खड़े लोगों का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था लेकिन सवाल ये है कि शराब पर सबसे अधिक पैसा कहां के लोग खर्च करते हैं?
और वह कौन सा राज्य है जहां के लोग शराब पर कम पैसे खर्च करते हैं।
वित्त मंत्रालय के नेशनल इंस्टिट्यूट ऑफ पब्लिक फाइनेंस एंड पॉलिसी (NIPFP) के अध्ययन के अनुसार, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में शराब पर प्रति व्यक्ति औसत वार्षिक उपभोग खर्च देश भर में सबसे अधिक है। NSSO के 2011-12 के सर्वे में आंध्र प्रदेश के लोग शराब पर सबसे अधिक खर्च करते हैं, यहां शराब पर प्रति व्यक्ति औसत वार्षिक उपभोग व्यय 620 रुपये है, वहीं सीएमआईई के कंस्यूमर पिरामिड्स हाउसहोल्ड सर्वे के अनुसार, तेलंगाना में सबसे अधिक औसत वार्षिक प्रति व्यक्ति उपभोग व्यय 1,623 रुपये (2022-23 के लिए वर्तमान मूल्य) है।
शराब पर सबसे कम खर्च करने वाला राज्य
वहीं आपको यह जानकर हैरानी होगी कि NSSO और CMIE के आंकड़ों के अनुसार, शराब पर सबसे कम खर्च करने वाला राज्य उत्तर प्रदेश है, यहां के लोग क्रमशः 75 रुपये और 49 रुपये खर्च करते हैं। NSSO के सर्वे में सामने आया है कि शराब पर अधिक खर्च करने वाले राज्यों में केरल (486 रुपये), हिमाचल प्रदेश (457 रुपये), पंजाब (453 रुपये), तमिलनाडु (330 रुपये) तथा राजस्थान (308 रुपये) शामिल हैं।





