
सांप डसने पर दो मासूम बेटियों की मौत,बच्चियों को समय पर अस्पताल ले आते तो उनकी जान बच सकती थी।
दौसा। सांप डसने से दो मासूम बेटियों की मौत होने की खबर प्राप्त हुई है। परिजन बेटियों को हॉस्पिटल ले जाने की वजह बाबा के पास ले गए। जहां बाबा ने 3 घंटे झाड़-फूंक किया और भस्म देता रहा। इसके बाद भी होश नहीं आने पर आखिरकार परिजन द्वारा बच्चियों को सरकारी अस्पताल में ले गए। अस्पताल पहुंचने पर पता चला कि दोनों बच्चियों ने दम तोड़ दिया है। मामला दौसा जिले के सूरजपुरा गांव के रामबास वालों की ढाणी का है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रोहिताश मीणा परिवार के साथ कमरे में सोया हुआ था। मंगलवार रात 2:30 बजे कमरे में सांप घुस गया। उसने पिता के पास सो रही 2 वर्षीय छोटी बेटी को डस लिया। शारीरिक रूप से कमजोर होने के कारण वह चिल्ला नहीं पाई एवं बेसुध हो गई। उसके बाद सांप ने मां के पास सो रही 4 वर्षीय बेटी के कान के नीचे डस लिया। सांप के डसने के बाद 4 वर्षीय बच्ची के चिल्लाने की आवाज से मां की आंख खुल गई। उठकर लाइट जला कर देखा तो बेटी के कान पर सांप लटका हुआ था। मां ने सांप को छुड़ाकर दूर फेंका और उनकी आवाज सुनकर परिवार के अन्य लोग भी आ गए। जिला अस्पताल में इमरजेंसी ड्यूटी प्रभारी डॉक्टर ने बताया कि अगर बच्चियों को समय पर अस्पताल ले आते तो उनकी जान बच सकती थी।




