
गोल्ड लोन कंपनी में डकैती: 23 मिनट में लूटा 12 करोड़ का सोना
उदयपुर में मणप्पुरम गोल्ड लोन की ऑफिस में 5 हथियारबंद बदमाशों ने घुसकर करीब 24 किलो सोना एवं 11 लाख रुपए नकदी लेकर फरार हो गए।शहर के प्रतापनगर थाना क्षेत्र के सुंदरवास इलाके में हुई घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।नकाबपोश बदमाश सुबह 9:20 पर ऑफिस में घुसे एवं 9:43 पर लूटपाट को अंजाम देकर फरार हो गए।
कंपनी ने जिस बॉक्स में सोने के जेवरात रखे थे उसमें जीपीएस ट्रैकर लगा हुआ था परंतु लुटेरों ने जीपीएस ट्रैकर को निकालकर वहीं फेंक दिया ताकि उनको ट्रैक नहीं किया जा सके।
एएसपी सिटी चंद्रशील ठाकुर ने बताया कि सुंदरवास मेन रोड पर स्थित मणप्पुरम गोल्ड लोन के ऑफिस में बाइक पर आए पांच लोग अंदर घुसे एवं महज 23 मिनट में लूटपाट की घटना को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए।कर्मचारियों की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। ऑफिस के अंदर एवं बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में लूट की वारदात रिकॉर्ड हो गई है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं एवं आरोपियों की तलाश जारी है।




