राजस्थान

थाने में दो युवकों से मारपीट का आरोप: एक युवक हॉस्पिटल में भर्ती 

थाने में दो युवकों से मारपीट का आरोप: एक युवक हॉस्पिटल में भर्ती 

सीकर। जिले के लक्ष्मणगढ़ इलाके में शांति भंग के आरोप में गिरफ्तार दो दोस्तों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। मामले में एक युवक को सीकर के प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जिसके परिवार ने मामले को लेकर सीकर एसपी कुंवर राष्ट्रदीप को शिकायत भी दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार लक्ष्मणगढ़ की खुड़ी बड़ी गांव की रहने वाली सुभिता देवी ने एसपी ऑफिस में शिकायत देकर बताया कि 9 सितंबर को उनका बेटा विजेंद्र कुमार अपनी बोलेरो गाड़ी की रिपेयरिंग करवाने के लिए अपने दोस्त संदीप सिंह के साथ लक्ष्मणगढ़ पुलिया के पास मिस्त्री की दुकान पर गया। जहां शाम करीब 5:00 बजे दोनों दुकान के पास खड़े थे। इसी दौरान दुकान के सामने पुलिस की थार गाड़ी और एक इकोस्पोर्ट गाड़ी आकर रुकी जिसमें लक्ष्मणगढ़ थाने के हेड कांस्टेबल विक्रम ढाका और हेड कांस्टेबल राजेंद्र कुमार उतरे जिन्होंने उतरते ही विजेंद्र और संदीप के साथ मारपीट शुरू कर दी।

जिसके बाद विजेंद्र और संदीप को लक्ष्मणगढ़ थाने लेकर आए। जहां मौजूद थाना अधिकारी अशोक चौधरी ने भी उनके साथ गाली-गलौज की और मारपीट शुरू कर दी। दोनों से उठक बैठक निकालने के लिए कहा। लेकिन उठक बैठक निकालते समय विजेंद्र की हालत खराब हो गई। ऐसे में विजेंद्र वहीं गिर गया जिसके बाद थाना अधिकारी अशोक चौधरी ने विजेंद्र के साथ मारपीट करते हुए उसके पेट में लातों की मारी और दीवार से सिर टकरा दिया। ऐसे में पुलिस ने दोनों को शांति भंग के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। जिनकी दूसरे दिन जमानत हो गई। जमानत के बाद विजेंद्र की तबीयत खराब हो गई। ऐसे में परिवार वालों ने विजेंद्र को सीकर के निजी अस्पताल में भर्ती करवा दिया जहां उसका इलाज जारी है।

मामले में लक्ष्मणगढ़ थानाधिकारी अशोक चौधरी का कहना है कि विजेंद्र के खिलाफ हत्या के प्रयास के मामले में किसी को धमकाने की शिकायत थी। उसे शांति भंग के आरोप में गिरफ्तार किया गया था पर उसके साथ मारपीट के सभी आरोप मनगढ़ंत है। कुंवर राष्ट्रदीप का कहना है कि परिजनों ने शिकायत दी है इसकी जांच डीएसपी स्तर के अधिकारी से करवाई जा रही है। मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published.