
कॉलोनाइजर से 10 लाख की फिरौती मांगने वाले तीन गिरफ्तार, गोल्डी बराड़ के नाम पर मांग रहे थे फिरौती
श्री गंगानगर। कॉलोनाइजर से व्हाट्सएप कॉल के जरिए 10 लाख की फिरौती मांगने वाले 3 लोगों को पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार कर लिया है। पैसे नहीं देने पर परिवार को मारने की धमकी भी दी गई थी। इस पर कॉलोनाइजर ने जवाहर नगर थाने में मामला दर्ज करवाया। सीओ सिटी अरविंद बेरड की देखरेख में शनिवार को तीनों को गिरफ्तार किया गया।
शहर के तिलक नगर के रहने वाले व्यापारी और कॉलोनाइजर कैलाश अग्रवाल पुत्र महावीर प्रसाद ने शनिवार को जवाहर नगर थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई जिसमें बताया कि 7 सितंबर को रात 9:30 बजे उनके मोबाइल पर व्हाट्सएप कॉल आई जिसमें कॉल करने वाले ने खुद को गोल्डी बराड़ का आदमी बताते हुए 10 लाख फिरौती की मांग की। नहीं देने पर परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई। इसके बाद इस नंबर से बार-बार कॉल और मैसेज कर फिरौती की मांग की जा रही थी। पैसा नहीं देने पर जान से मारने की धमकी भी दी जा रही थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस ने सीओ सिटी अरविंद बेरड की देखरेख में जवाहर नगर थाना इंचार्ज नरेश निर्वाण, सदर थाना इंचार्ज कुलदीप चारण, एसआई पवन कुमार, डीएसटी इंचार्ज कश्यप सिंह, एएसआई सुरेंद्र ज्यानी सहित कुछ लोगों को शामिल करते हुए टीम का गठन किया। व्यापारी अग्रवाल के जरिए कॉल करने वालों से संपर्क साधा गया। आरोपियों के व्यापारी की बातों में आते ही उन्हें धर दबोचा। पुलिस ने उनसे वारदात के लिए उपयोग किया मोबाइल भी बरामद कर लिया है।आरोपियों ने माना कि वे पंजाब के अबोहर इलाके के राजावाली निवासी आरजू विश्नोई के साथ मिलकर उसके दिए डायरेक्शन के अनुसार गैंगस्टर गोल्डी बराड़ का नाम उपयोग करके शहर के व्यापारियों को व्हाट्सएप से वर्चुअल नंबर से कॉल करके फिरौती की मांग करते थे। आरजू बिश्नोई पहले भी श्रीगंगानगर की टांटिया हॉस्पिटल पर फायरिंग मामले में वांटेड है।




