
हथौड़े से ताई का सिर फोड़ा,मार्बल कटर से किए 8 टुकड़े
जयपुर में दिल्ली श्रद्धा मर्डर जैसा हत्याकांड सामने आया है। यहां एक इंजीनियर ने अपनी सगी ताई की सिर फोड़कर हत्या कर दी। रसोई में मर्डर करने के बाद आरोपी बॉडी को घसीट कर बाथरूम में ले गया। फिर बाजार से मार्बल कटर ले आया। इससे शव के 8 टुकड़े कर ट्रॉली बैग में भरे और मौका पाकर इन्हें दिल्ली-सीकर हाईवे पर तीन अलग-अलग जगहों पर फेंक दिया।
पुलिस ने बताया कि वारदात विद्याधर नगर के सेक्टर-2 में 11 दिसंबर को हुई। सरोज देवी (62) ने अपने जेठ के बेटे अनुज शर्मा को एक धार्मिक कार्यक्रम में जाने से रोका तो वह तैश में आ गया और उनकी हत्या कर दी। सरोज देवी की बेटियों पूजा शर्मा (38) और मोनिका ने इस मामले में 16 दिसंबर को अपनी मां की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। उन्होंने अपने चचेरे भाई अनुज शर्मा पर हत्या का शक जताया था।पुलिस ने अनुज को गिरफ्तार कर लिया है।
पूजा और मोनिका की शादी हो चुकी है। भाई अमित विदेश में रहता है। पूजा की ससुराल बीकानेर में है। पूजा ने बताया कि उनके पिता की मौत 1995 में हो गई थी। मां सरोज देवी विद्याधर नगर में चाचा बद्री प्रसाद शर्मा के यहां रहती थीं।




