महिला की इलाज के दौरान मौत,परिजनों ने किया हंगामा
श्रीगंगानगर शहर के सुखाडिय़ा मार्ग स्थित एक अस्पताल में बुधवार को महिला की इलाज के दौरान मौत के बाद परिजनों ने हंगामा कर दिया। उन्नीस वर्षीय महिला को मंगलवार रात लड़का हुआ था। बुधवार सुबह उसकी मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि महिला के इलाज में लापरवाही बरती गई। इसी के चलते महिला की मौत हो गई। महिला का बच्चा स्वस्थ है। गुरुनानक बस्ती की रहने वाली महिला के परिजन बुधवार दोपहर तक संबंधित अस्पताल मैनेजमेंट के खिलाफ कार्रवाई की मांग पर अस्पताल के बाहर जमा थे।
दरअसल, गुरुनानक बस्ती निवासी महिला नूर बेगम (19) की शादी एक साल पहले अकरम खान से हुई थी। महिला गर्भवती थी। मंगलवार देर रात उसे सुखाडिय़ा मार्ग के जनता हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया था। देर रात उसने लड़के को जन्म दिया। बुधवार सुबह अचानक उसकी हालत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही महिला के परिजन अस्पताल में एकत्र होने लगे। उनका कहना था कि डॉक्टर ने इलाज करने में लापरवाही बरती थी उनका कहना था कि इसी के चलते महिला की मौत हो गई। रोगी के परिजनों का आरोप था कि महिला के बच्चे को जन्म देने के बाद भी उस पर डॉक्टर्स ने ध्यान नहीं दिया।




