बीकानेर। श्रीडूंगरगढ़ में सड़क हादसे कम होने का नाम नहीं ले रहे। इस नेशनल हाइवे पर एक बार फिर दो वाहन आमने-सामने टकरा गए, जिससे पांच जने घायल हो गए, जिसमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना खाखी धोरा से कुछ आगे बिग्गा के पास नेशनल हाइवे पर हुई है।
बोलेरो और एक आइटेन गाड़ी आमने सामने से टकरा गए। घायलों की अब तक शिनाख्त नहीं हो पाई है। चूरू के इनकम टेक्स वकील संजीव वर्मा घटना के तुरंत बाद मौके पर पहुंच गए थे। उन्होंने ही घायलों को अस्पताल पहुंचाने का काम करवाया। पुलिस को सूचना दी गई। अब मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को किनारे कर दिया है। घायलों को श्रीडूंगरगढ़ रवाना किया गया । जहां से एक गंभीर घायल को बीकानेर के पीबीएम अस्पताल के ट्रोमा सेंटर भेजा गया।
श्रीडूंगरगढ़ के इसी मार्ग पर सबसे ज्यादा सड़क हादसे होते हैं। पिछले साल जिलेभर में एक्सीडेंट में श्रीडूंगरगढ़ अव्वल रहा। इसके बाद जिला कलक्टर ने श्रीडूंगरगढ़ पुलिस और प्रशासन से इसकी रिर्पोट भी मांगी। इसी मार्ग पर पुलिस तेज गति वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करती नजर आती है लेकिन इसके बाद भी एक्सीडेंट कम नहीं हाे रहे।




