
बिना अनुमति प्रदर्शन करने पर 50 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज
जोधपुर। कुम्हार प्रजापत समाज की मूल पहचान छिपाने को लेकर जिला कलेक्ट्रेट के बाहर गुरुवार को हुए प्रदर्शन के मामले में सरदारपुरा पुलिस ने दो नामजद सहित 50 अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
सरदारपुरा थाना अधिकारी सोमकरण ने बताया कि प्रजापति युवा संगठन ने यह प्रदर्शन किया था। पुलिस कमिश्नरेट क्षेत्र में धारा 144 की निषेधाज्ञा लगी हुई है। जिसके तहत बिना अनुमति किसी भी प्रकार का धरना, प्रदर्शन, जुलूस आदि नहीं निकाल सकते। संगठन के पदाधिकारियों ने बिना किसी सक्षम अनुमति के सरदारपुरा गांधी मैदान में यह जुलूस निकाला। जिसके चलते आम यातायात में बाधा उत्पन्न होने से लोगों को परेशानी हुई।
बता दें कि प्रजापति युवा शक्ति संगठन की ओर से गुरुवार को कुम्हार प्रजापत समाज की मूल पहचान से छेड़खानी के विरोध सहित अन्य मांगों को लेकर जिला कलेक्ट्रेट के बाहर विरोध प्रदर्शन किया गया था। प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना है कि भू राजस्व रिकॉर्ड में पहले से ही दर्ज कुम्हार प्रजापत की जगह कुमावत किया जाना गलत है। जिसे बदलना चाहिए इसको लेकर उन्होंने मुख्यमंत्री के नाम जिला कलेक्टर को ज्ञापन भी दिया। जिसमें 21 सितंबर को जारी राजस्व विभाग के परिपत्र को निरस्त कर कुम्हार प्रजापत समाज की मूल पहचान को कायम रखने की मांग की गई थी।




