
खराब ट्रक को स्टार्ट करने की कोशिश में बैटरी फटी: चार लोग गंभीर झुलसे।
सूरतगढ़ में नेशनल हाईवे-62 पर भगवानसर के पास खराब हुए ट्रक को स्टार्ट करने की कोशिश करने के दौरान अचानक से ट्रक की बैटरी फट गई। इसके बाद ट्रक के डीजल टैंक और ट्रक में आग लग गई। अचानक हुई इस घटना से ट्रक के पास खड़े चालक एवं खलासी सहित चार लोग झुलस गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हाईवे पर मामा होटल के पास एक ट्रक में बैटरी की तकनीकी खराबी आने के कारण चालक ने ट्रक को सड़क के किनारे खड़ा कर दिया। बाद में चालक ने हाईवे से गुजर रहे अन्य ट्रक चालक से मदद मांगी।इस पर दोनों ट्रकों के चालक एवं खलासियों ने मिलकर दूसरे ट्रक की बैटरी को खराब पड़े ट्रक में लगाकर चलाने का प्रयास किया। इसी दौरान अचानक बैटरी फटने से पहले डीजल टैंक और बाद में पूरे ट्रक में ही आग लग गई। अचानक डीजल टैंक में आग लगने से दोनों ट्रक के चालक एवं खलासी बुरी तरह झुलस गए। घटना की सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची एवं दमकल को मौके पर बुलाकर आग को बुझाया घायलों को सूरतगढ़ के राजकीय चिकित्सालय के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद घायलों को भटिंडा के लिए रेफर कर दिया।




