
महापौर की फोटो लगाकर बनाया फर्जी अकाउंट: मैसेज के माध्यम से मांगे कई पार्षदों से पैसे
जोधपुर।नगर निगम दक्षिण महापौर वनिता सेठ की फोटो लगाकर सोशल मीडिया पर फर्जी अकाउंट बनाकर शातिर ठग कई लोगों से अमेज़न पे गिफ्ट के नाम पर पैसे की डिमांड कर रहा है। सरदारपुरा थाना अधिकारी सोमकरण ने बताया कि महापौर वनिता सेठ ने इस संबंध में रिपोर्ट दी है। रिपोर्ट के अनुसार कुछ पार्षदों ने उन्हें फोन कर जानकारी दी कि उनकी फोटो लगाकर एक ठग ने सोशल मीडिया पर फर्जी अकाउंट बनाया है और वह कई लोगों से अमेज़न गिफ्ट कार्ड का लिंक भेज कर पैसों की डिमांड कर रहा है।
महापौर वनीता सेठ ने सभी से अपील की है कि कोई भी व्यक्ति उनके नंबर से या अन्य किसी नंबर से उनकी फोटो लगाकर अगर पैसों की डिमांड करें तो उसके साथ किसी भी प्रकार का लेनदेन ना करें और संबंधित थाने में इसकी रिपोर्ट दें। थानाधिकारी सोमकरण ने बताया कि घटना को लेकर आईटी एक्ट में प्रकरण दर्ज किया जा चुका है।




